पुलिस कटरा कोतवाली क्षेत्र के गनेशगंज मोहल्ला में गत दिनों हुए सराफा व्यवसायी हत्याकांड का खुलासा करने के करीब पहुंच गई है। हत्यारोपी के फरार होने के चलते पुलिस अभी घटना का खुलासा नहीं कर रही है लेकिन जैसे ही आरोपी उसकी गिरफ्त में आया वैसे ही पुलिस इस राज से पर्दा उठा देगी।
पुलिस ने इस मामले में वांछित एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ जारी है।
बता दें कि गत दिनों कटरा कोतवाली क्षेत्र के गनेशगंज मोहल्ला निवासी सराफा व्यापारी राजकुमार जायसवाल की उसके ही घर में गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। उसकी हत्या करने से पहले आरोपियों ने उसे फांसी के फंदे पर लटकाने का प्रयास किया था लेकिन सफल नहीं हुए तो उसकी गला रेत कर हत्या कर दी थी।
बड़े ही चालाकी से वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी आराम से निकल गए थे। मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने घटना स्थल का निरीक्षण कर क्राइम ब्रांच और कटरा कोतवाली पुलिस की दो टीमें गठित कर हत्या के राज से तत्काल पर्दा उठाने का निर्देश दिया था। टीम सुराग रसी में लगी थी कि इसी दौरान उसे कुछ क्लू मिल गए।
जिस पर जांच करते हुए आरोपी के गिरेबान तक पहुंच गई। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के बाद उसके घर दबिश देती इससे पहले वह फरार हो चुका था। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अबतक कई स्थानों पर दबिश दे चुकी है लेकिन अभी तक आरोपी उसके साथ नहीं लगा है।
सूत्रों की माने तो व्यापारी के यहां रहने वाले एक कर्मचारी ने ही कुछ लोगाें के साथ मिल कर वारदात को अंजाम दिया है।