दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत में चालकों की मौके पर ही मौत
- फोटो : अमर उजाला
ड्रमंडगंज चौकी क्षेत्र के लहुरिया दह के पास भसौड़ बलाय के प्रधान के भाई की ट्रक से कुचल कर मंगलवार की शाम मौत हो गई। घटना से लोगों का गुस्सा भड़क गया। नाराज परिवार के लोगों ने सड़क पर शव रख कर मिर्जापुर-रीवा मार्ग को जाम कर दिया। वे चालक को गिरफ्तार और परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन उग्र भीड़ कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। उन्होंने पुलिस पिकेट के लिए बने मड़हे को आग लगा दी। आखिर में एसपी अरविंद सेन ने किसी तरह लोगों को जाम समाप्त करने पर राजी किया तब चार घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।
भसौड़ बयाल पहाड़ा निवासी व प्रधान दीपचंद्र गुप्ता के बड़े भाई शंकर लाल केशरी 58 वर्ष ड्रमंडगंज बाजार गए थे। मंगलवार की शाम साढ़े चार बजे लौटते समय वह हलिया थाना क्षेत्र के लहुरिया दह के पास पहुंचे कि पीछे से आ रहे ट्रक बाइक में धक्का मारते हुए उनको कुचल दिया।
जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी होते ही परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर पहुंच कर शव को सड़क पर रखकर मिर्जापुर-रीवा मार्ग को जाम कर दिया।
जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। एसडीएम लल्लन राम ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन उग्र भीड़ ने वहां एक मड़हे को आग लगा दी। उसके बाद एसपी अरविंद सेन पहुंचे और उन्होंने किसी तरह लोगों को आंदोलन समाप्त करने को राजी किया।
जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। लोग घंटों जाम में फंसे रहे और परेशान रहे। रीवां-मिर्जापुर मार्ग मुख्यमार्ग है। इस पर चार घंटे के जाम से हालात बदतर हो गए थे।