जीडी बिनानी कॉलेज में तैनात एक संविदाकर्मी को नियमित नहीं करने से नाराज उसके पुत्र ने गुरुवार की शाम कॉलेज के प्राचार्य की पिटाई कर दी। प्राचार्य ने की तहरीर के आधार पर देहात पुलिस ने युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। अध्यापकों ने एएसपी को पुख्ता सुरक्षा के बंदोबस्त नहीं होने पर कॉलेज नहीं जाने की चेतावनी दी। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
भरुहना स्थित जीडी बिनानी कॉलेज में देहात कोतवाली क्षेत्र के लंकापुर की महिला में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी के पद पर कई वर्षोें से तैनात है। उसका पुत्र आशीष शुक्ला मां को नियमित करने की मांग लंबे समय कॉलेज प्रशासन से करता रहा है। कॉलेज प्रशासन इसमें हीलाहवाली करता रहा है। उनका कहना है कि यह काम कमेटी ही कर सकती है। इससे नाराज आशीष कुमार ने गुरुवार की शाम पांच बजे कॉलेज से घर जाते समय प्राचार्य डा. राजीव अग्रवाल को रास्ते में रोक लिया और मारने पीटने लगा। शोरगुल होने पर पहुंचे लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शंात कराया। घटना के बाद प्राचार्य अध्यापकों के साथ देहात कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आशीष शुक्ला के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया और प्राचार्य का मेडकिल कराया।
सुबह जब शिक्षक कॉलेज में पहुंचे तो देखा कि आरोपी ने नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी कि अगर उसकी मां को बगैर रेगुलर किए कॉलेज खोला गया तो प्राचार्य की दोपहर में भी पिटाई होगी।
नोटिस पढ़ते ही शिक्षक नाराज हो गए और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। एसपी के बनारस मीटिंग में जाने के कारण एएसपी नगर अशोक शुक्ला से मिले और कहा कि सुरक्षा नहीं मिलने पर वे कॉलेज नहीं जाएंगे। एएसपी ने तत्काल देहात कोतवाली पुलिस को कॉलेज में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त का निर्देश दिया है।