मुखबिर की सूचना पर चौकी इंचार्ज भास्कर मिश्रा ने हलिया थाना क्षेत्र के महुगड़ी मंडी के पास से मंगलवार की रात करीब नौ बजे गबन के एक आरोपी पूर्व प्रधान को गिरफ्तार किया। जिसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार महुगढ़ी गांव निवासी एवं पूर्व प्रधान छोटा कोल पर आठ लाख 40 हजार रुपया सरकारी धन गबन करने का आरोप है।
मालूम हो कि वर्ष 2014-15 के दौरान गांव में आठ लाख 40 हजार रुपये की लागत से 70 शौचालय बनाने के लिए उक्त धनराशि आई थी। आरोप है कि पूर्व प्रधान ने शौचालय का निर्माण नहीं कराया और उसे बनवाए बगैर ही पूर्व प्रधान ने आए हुए आठ लाख 40 हजार रुपया निकालकर गबन कर लिया। जब इस मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी।
जिसको गंभीरता से लेते हुए उन्होंने डीपीआरओ को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा था। जब जाच की गई तो उसमें गबन के मामले का संज्ञान आया। गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने एडीओ पंचायत रमेश उपाध्याय को पूर्व प्रधान के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराने का आदेश दिया था।
एडीओ पंचायत ने तहरीर देकर पूर्व प्रधान छोटा कोल के खिलाफ हलिया मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस आरोपी प्रधान की तलाश कर रही थी कि मंगलवार की रात सूचना मिली की पूर्व प्रधान महुगढ़ी मंडी के पास खड़ाकर होकर वाहन की तलाश कर रहा है। जानकारी होते ही चौकी इंर्चाज ड्रमंडगंज पहुंचे और आरोपी पूर्व प्रधान को गिरफ्तार कर लिया।