पुलिस लाइन परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पेश किए गए असलहा तस्कर।
कछवां पुलिस ने सोमवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंतर प्रांतीय असलहा तस्कर प्रधान समेत चार लोगों को कछवां थाना क्षेत्र के महामलपुर साधन सहकारी समिति के पास स्थित नारायण सिंह के बगीचे से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन पिस्टल व दो तमंचा समेत कारतूस बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मध्य प्रदेश के खंडवा से असलहा मंगवाकर जिले समेत अन्य स्थानों पर सप्लाई करते हैं। सभी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा गया है। ये बातें पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान बताई।
उन्होंने बताया कि कछवां के केवटावीर गांव का प्रधान प्रवेश सिंह उर्फ बाबा डान असलहा की तस्करी कर रहा है। वह मध्य प्रदेश के खंडवा निवासिनी सपना नाम की महिला के खाते में पैसा भेजकर पिस्टल जिले में मंगवाता था। एक पिस्टल को वह आठ हजार रुपये को खरीदता था और उसे 18 हजार रुपये में बेचता था। कुछ दिन पूर्व इसने सपना के खाते में 24 हजार रुपये डालकर असलहा मंगवाया था। इसकी जानकारी होने पर कछवां थानाध्यक्ष दीप कुमार सोनी को इनकों दबोचने के लिए लगाया गया था।
कछवां थानाध्यक्ष सुराग रसी में लगे थे। इसी दौरान सोमवार की सुबह सूचना मिली कि असलहा तस्कर महामलपुर साधन सहकारी समिति के पास स्थित एक बगीचे में आए हुए है। सूचना मिलते ही वह फोर्स के साथ पहुंचे और घेराबंदी कर केवटावीर के प्रधान प्रवेश कुमार सिंह उर्फ बाबा पुत्र दिनेश निवासी केवटावीर कछवां, आशीष चौबे पुत्र अनिल चौबे निवासी केवटावीर, अतुल सिंह पुत्र जितेंद्र बहादुर सिंह निवासी महामलपुर कछवां, विनीत सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी केवटावीर को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से से तीन पिस्टल समेत दो तमंचा बरामद हुआ है।