मिर्जापुर। वाराणसी के छितौनी रोहनिया निवासी प्रापर्टी डीलर वीरेंद्र मिश्र की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश कर दिया। जमीन की रंजिश को लेकर छह लोगों ने उसकी हत्या की गई थी और शव को मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के रामपुर में कलकलिया नदी में फेंक दिया गया था। बाद में वीरेंद्र की शिनाख्त हुई थी। पुलिस हत्या के छह आरोपियों में तीन को टेंगरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाठी और उस कार को बरामद किया गया जिससे शव को ठिकाने लगाया गया था।
एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि 30 जून को अदलहाट थाना क्षेत्र के रामपुर क्षेत्र में स्थित कलकलिया नदी में 30 वर्षीय अज्ञात युवक की हत्या कर फेंकी गई लाश पाई गई थी। बाद में मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार मिश्र पुत्र राजनाथ मिश्र निवासी छितौनी थाना रोहनिया, वाराणसी के रूप में हुई थी। इसके बाद वीरेंद्र की पत्नी बबिता मिश्रा ने पांच जुलाई को अज्ञात लोगों के विरुद्घ पति की हत्या कर लाश नदी में फेंकने के आरोप में अदलहाट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच में छह लोगों औढ़े, रोहनिया वाराणसी निवासी मुकेश उर्फ पाठक सिंह पुत्र विजय बहादुर, प्रताप बहादुर उर्फ रोहन सिंह पुत्र राजेश उर्फ बच्चन, राजेश उर्फ बच्चन सिंह पुत्र विजय बहादुर और माधवपुर कोट, रोहनिया, वाराणसी निवासी नीतेश उर्फ विवेक सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह, दीपेश उर्फ दीपू पुत्र देवेंद्र, अखरी, रोहनिया वाराणसी निवासी रिंकू सिंह पुत्र मुन्ना सिंह को हत्या में शामिल होना पाया। पुलिस आरोपियोें की तलाश कर रही थी। मंगलवार की सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के तीन आरोपी कोलकाता भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अदलहाट के टेंगरा मोड़ स्थित डेढ़सी पुल पर पहुंची और तीन आरोपियों मुकेश उर्फ पाठक सिंह, प्रताप बहादुर सिंह उर्फ रोहन और नीतेज उर्फ विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वीरेंद्र मिश्र उर्फ डब्लू पुत्र राजनाथ मिस्र प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। उससे रोहन सिंह छह लाख रुपये में एक जमीन खरीदने का सौदा तय किया था। इसके लिए उसे 50 हजार रुपये एडवांस दिया था लेकिन वीरेंद्र ने पैसा लेने के बावजूद जमीन रोहन को नहीं दी और उसेे ऊंची कीमत पर दूसरे को बेच दिया। इससे नाराज रोहन ने वीरेंद्र मिश्र की हत्या की साजिश रची। 29 जून को वीरेंद्र को आढ़े गांव निवासी पाठक सिंह के घर दावत पर बुलाया गया। वहां खाना खाने के दौरान उसे काफी शराब पिलाई गई। वीरेंद्र जब नशे में हो गया तो लाठी डंडा से मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद विवेक की कार उसका शव ले जाकर अदलहाट के कलकलिया नदी किनारे फेंक दिया। इसके बाद सभी घर चले गए। एएसपी नगर प्रकाश स्वरूप पांडेय ने बताया कि फरार चल रहे दीपू, बच्चन सिंह और रिंकू सिंह की तलाश की जा रही है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।