राजगढ़। वन ग्राम की सुरक्षित भूमि पर पुलिस की जानकारी में पुलिस चौकी के बगल में अवैध निर्माण हो रहा है। वहीं ग्रामीणों ने राजगढ़ प्रधान के साथ उप जिलाधिकारी मड़िहान से सुरक्षित ग्राम वन भूमि से अवैध निर्माण रोकवाने और दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार राजगढ़ ग्राम सभा में नव निर्मित पुलिस चौकी के बगल में गांव के ही दबंग व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से ग्राम वन की सुरक्षित भूमि पर रात में पक्का मकान बनवाया जा रहा है। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी हुई तो दर्जनों की संख्या में घटना स्थल पर पहुंच कर काम रुकवाया गया, लेकिन इसके बाद भी निर्माण बंद नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने मंगलवार को उप ज्िलाधिकारी मड़िहान को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कमला प्रसाद, पारस यादव, पप्पू ड्राइवर, भोला केवट, राजकुमार बिंद, छोटू हरिजन आदि मौजूद रहे। उधर सुरेंद्र बहादुर सिंह, तहसीलदार मड़िहान का कहना है कि वन भूमि की जमीन सुरक्षित होती है, वन भूमि पर किसी व्यक्ति द्वारा कब्जा नहीं किया जा सकता है, यदि किसी व्यक्ति द्वारा कब्जा किया जा रहा है, ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।