मध्य प्रदेश से पहाड़ तोड़ने के लिए अवैध तरीके से लाए जा रहे भारी मात्रा में विस्फोटक हलिया पुलिस ने मंगलवार की रात हर्रा जंगल के बड़ौही प्राथमिक विद्यालय के पास एक बोलेरो से बरामद किया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। कुल 600 डेटोनेटर और 405 विस्फोटक छड़ें बरामद की गईं। पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने बुधवार की दोपहर पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए कहा कि विस्फोटक नक्सलियों के हाथ लगने पर वे बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग पहाड़ तोड़ने के लिए भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ जिले में लेकर आने वाले हैं। उनको दबोचने के लिए एएसपी आपरेशन हफीजुर रहमान तथा प्रभारी सीओ लालगंज बृजेश तिवारी के नेतृत्व में हलिया थानाध्यक्ष विनोद दूबे व उपनिरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गईं थी। टीम को पता चला कि मंगलवार की शाम एक बोलेरो से दो लोग विस्फोटक लेकर आ रहे हैं। हर्रा जंगल के बड़ौही में प्राइमरी पाठशाला के पास घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया गया। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे। उनका पीछा एक आरोपी को दबोच लिया गया जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। बोलेरो में से 405 पीस विस्फोटक तथा 600 डेटोनेटर राड व तार बरामद हुआ। पकड़ा गया आरोपी संदीप भदौरिया मध्यप्रदेश के रीवा जिले के हनुमना बाजार का रहने वाला है। उसका साथी विनय मिश्रा मड़िहान का रहने वाला, जिसकी तलाश की जा रही है। एसपी ने इस कामयाबी पर हलिया पुलिस को पांच हजार रुपये का इनाम देने का घोषणा की।