मिर्जापुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेतरिया में बार बालाओं के नृत्य के मामले को संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने शिक्षक अशोक कुमार सिंह और बेचूराम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनको पहाड़ी ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय पड़री से संबद्ध किया गया है। इसके पूर्व बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय तेतरिया का सुबह आठ बजे ही औचक निरीक्षण किया।
स्कूल में रक्षाबंधन की रात ग्राम प्रधान ने अपने बेटे के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें बार बालाओं ने जमकर ठुमके लगाए गए थे। इसकी खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने मामले को संज्ञान लेते हुए बीईओ से स्पष्टीकरण मांगा। बीएसए ने शिक्षक अशोक कुमार सिंह और बेचूराम की लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बीएसए ने पूछा है कि शिक्षकों को प्रधान को स्कूल की चाबी नहीं देनी चाहिए थी। यदि प्रधान ने जबरन चाबी छीनी तो खंड शिक्षा अधिकारी अथवा उन्हें जानकारी क्यों नहीं दी गई? उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।