मुगलसराय। असोम के सिपाझार इलाके से एक लाख रुपये लेकर भागे तीन किशोरों को रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने स्थानीय रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। किशोरों के पास से 74 हजार रुपये और तीन मोबाइल सेट बरामद हुए। आरपीएफ ने बरामद नकदी और सामान को सीज कर दिया जबकि किशोरों को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया।
गुरुवार की शाम छह बजे असोम के डिप्टी एसपी ने आरपीएफ मुगलसराय पोस्ट प्रभारी से फोन पर संपर्क किया ओर दो बच्चों की फोटो वाट्सअप पर भेजकर बताया कि ये बच्चे गुवाहाटी से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जा रही अप 15646 एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हैं और एक लाख रुपये चुराकर भागे हैं। इनके खिलाफ सिपाझार पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज है। इस सूचना के बाद उपनिरीक्षक जेके सिंह, एएसआई सुरेश प्रसाद, कांस्टेबल एसबीआई कुमार आदि ने ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर पूरी तरह खंगाला लेकिन पता नहीं चला। रात नौ बजे आरपीएफ की टीम स्टेशन पर जांच पड़ताल कर रही थी। इसी बीच प्लेटफार्म संख्या तीन पर तीन किशोर दिखे। शक होने पर तीनों को पकड़ कर पोस्ट पर लाकर पूछताछ की गई। एक किशोर के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 74 हजार 420 रुपये नकद और तीन ब्रांडेड न्यू मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों ने चोरी कर भागने की बात स्वीकार की। बताया कि पुलिस से बचने के लिए वे ट्रेन के मुगलसराय पहुंचते ही उतर कर बाहर भाग गए। बाजार में 11-11 हजार रुपये मूल्य के तीन मोबाइल सेट के साथ अन्य सामानों की खरीददारी की और फिर दूसरी ट्रेन पर सवार होने के लिए स्टेशन पर पहुंचे थे। आरपीएफ ने इसकी सूचना असोम पुलिस को दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर वेंकटेश कुमार ने बताया कि रुपये और मोबाइल को सीज कर दिया गया है जबकि किशोरों को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया।