मिर्जापुर। आईपीएल में सट्टा लगाने वाले लोगों पर पुलिस नकेल कसते हुए दस लोगों के विरुद्घ गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर विन्ध्याचल पुलिस ने चिन्हित सभी आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई करते हुए इन्हें गिरफ्तार करने के लिए तलाश करना शुरू कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा लगाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि सात अप्रैल से आईपीएल का मैच शुरू होने वाला है, लेकिन उससे पहले ही विन्ध्याचल में सट्टे बाजी का दौर शुरू हो गया है। जिसकी शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने इन सट्टेबाजों की नकेल कसने के लिए इनके विरुद्घ गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। नगर के विंध्याचल समेत पूरे जिले में आईपीएल मैच के लिए दौरान लाखों का सट्टा लगाया जाता है। इसमें एक पल में लोग सट्टा लगा कर लाखों रुपया जीत लेते हैं। वहीं कुछ कंगाल भी हो जाते हैं। इसको देखते हुए एसपी इन सट्टेबाजों पर लगाम लगाने को कहा है। एसपी के निर्देश पर विंध्याचल थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बुधवार की रात विन्ध्याचल निवासी राजन जायसवाल, साजन गुप्ता, मंटू सोनी, सुमित जायसवाल, रामनरेश जायसवाल, संतोष गुप्ता, राजापाल, पुनीत मिश्रा, विजय गोस्वामी, रामू के विरुद्घ गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई करते हुए इनकी तलाश शुरू कर दी है।