अदलहाट। स्थानीय पुलिस ने शनिवार की सुबह गरौड़ी मोड़ से चोरी के सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का सामान और रुपये बरामद किए गए।
सीओ चुनार सुधीर कुमार ने बताया कि 21 नवंबर 2017 को क्षेत्र के यूनियन बैंक आफ इंडिया अदलहाट शाखा के पास से सुरहा गांव निवासी दीपक कुमार यादव की बाइक की डिक्की से एक लाख रुपये चोरी हुए थे। इसके अलावा अन्य चोरियां हुई थी। अदलहाट पुलिस को मामलों का खुलासा करने का निर्देश दिया गया था। पुलिस ने शनिवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गरौड़ी मोड़ से आरोपी मुश्ताक उर्फ करिया निवासी ग्राम गरौड़ी, अदलहाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि बीते वर्ष 21 नवंबर को यूबीआई अदलहाट शाखा के सामने से बाइक के डिक्की से एक लाख रुपये चुराने, 30 जनवरी की रात बरेव रोड से अमित कुमार चौरसिया के गुमटी का ताला तोड़ कर पान, गुटका , सिगरेट चोरी करने का जुर्म कबूल किया। पुलिस ने उसके पास से एक हजार नकद बरामद किया है।