पड़री। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर आर सी नगर के पास मंगलवार की सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अभिषेक 20 वर्ष की मौत हो गई। बाइक की टक्कर में अभिषेक के बड़े भाई मुकेश कुमार पाल 27 वर्ष बुरी तरह घायल हो गए। बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने दोनों चोटिलों को इलाज हेतु पड़री हॉस्पिटल भिजवाया, जहाँ पर अभिषेक की स्थिति गंभीर होने पर मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चुनार थाना क्षेत्र के बकिया बांध गांव निवासी दो सगे भाई अभिषेक कुमार पाल व मुकेश कुमार पाल पुत्र गनेश पाल सुबह घर से बाइक से मिर्जापुर आरटीओ ऑफिस जा रहे थे। जैसे ही वे पड़री थाना क्षेत्र के आरसी नगर के पास पहुंचे सामने से आ रहे ट्रक ने उनको टक्कर मार दिया। इससे दोनों चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंचे पड़री थानाध्यक्ष साजिद सिद्दीकी ने दोनों घायलों को इलाज हेतु पड़री हॉस्पिटल भेजा जहां पर अभिषेक की स्थिति गंभीर होने पर उसे सदर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। सदर हास्पिटल पहुंचने पर डाक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई मुकेश को हल्की चोट लगी थी। उधर पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को थाने ले आई।