मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश सब जूनियर फुटबाल टीम की पूर्व कप्तान रह चुकी मिर्जापुर के मोर्चाघर की रहने वाली फुटबाल खिलाड़ी खुशबू और परवीन बानो को उनके समुदाय से जुड़े लोग धमकी देकर फुटबाल छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। गद्दी बिरादरी बिहार के चौधरी रूमजानी ने सासाराम में हुई पंचायत के बाद धर्म के नाम पर फुटबाल से अलग होने को कहा है। खेल के दौरान कम कपड़े पहनने को लेकर एतराज जताया गया है। इससे दोनों खिलाड़ी सहमी हुई हैं। 2020 में अंडर 17 फीफा वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चयन होने से वंचित होने का डर सता रहा है। जिला फुटबाल संघ ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से गलत फरमान जारी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
जिला फुटबाल संघ के सचिव मो. आरिफ नजमी ने जब इन दोनों खिलाड़ियों को एक सप्ताह पूर्व ट्रायल के लिए मोर्चाघर मैदान पर बुुलाया तो खुशबू और परवीन ने उन्हें बताया कि बिहार निवासी एक व्यक्ति न खेलने की धमकी दे रहा है। एक सप्ताह से खिलाड़ियों ने ग्राउंड में प्रैक्टिस के लिए जाना बंद कर दिया है। नेशनल चैंपियनशिप महाराष्ट्र के कोल्हापुर में होने वाले खेल में उत्तर प्रदेश महिला वर्ग की फुटबाल टीम दोनों खिलाड़ी भाग लेंगी। आगरा में 31 मार्च से एक अप्रैल तक ट्रायल किया जाएगा। चैंपियनशिप के बाद अंडर 17 बालिका फुटबाल टीम चुनी जाएगी, फीफा वर्ल्ड कप में भाग लेगी।
ट्रायल में जाने के लिए जब खिलाड़ियों को बुलाया गया तो खिलाड़ियों ने कहा कि रमजानी गददी निवासी सासाराम बिहार की तरफ से फुटबाल खेलने के लिए आपत्ति जताई है। इस मामले से डीएम और एसपी को अवगत कराकर इनके विरुद्घ कार्रवाई करने की गई है। - मो. आरिफ नजमी, सचिव, जिला फुटबाल संघ मिर्जापुर
अगर ऐसी बात है तो मामला गंभीर है। जिला फुटबाल संघ के साथ खिलाड़ी पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। जांच कराकर ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। - पीयूष श्रीवास्तव, डीआईजी विंध्याचल परिक्षेत्र