अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बेकाबू कार एक साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद खंती में जाकर पलट गई। इससे साइकिल सवार घायल हो गया। उसे सीएचसी सिंहपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इन्हौना-तिलोई मार्ग पर आजादपुर एवं मियागंज के बीच में इन्हौना की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे बाइक सवार दो लोगों को रौंदते हुए सामने से आ रहे साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार अरमान अली (24), सुहैल (12) निवासी पूरे विशाल थाना मुसाफिरखाना की मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार जय नगरा निवासी विनोद कुमार शुक्ला (40) घायल हो गया। इसके बाद बेकाबू कार सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई।
टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों ने घायल युवक को सीएचसी सिंहपुर पहुंचाया। एसओ ज्ञानचंद्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का इलाज चल रहा है।