मिर्जापुर। भारत श्रीलंका क्रिकेट मैच में सट्टा लगाने वाले छह लोगों को कटरा और क्राइम ब्रांच पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के गनेशगंज मोहल्ला से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से आठ हजार रुपया नगदी, नौ मोबाइल, एक टीवी एक कल्कुलेटर व भाव लिखा हुआ पन्ना बरामद हुुआ है। सभी के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। ये बातें संजय कुमार सिंह सीओ नगर ने कटरा कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान रविवार को बताईं।
उन्होंने बताया कि रविवार को सूचना मिली भारत श्रीलंका मैच में कटरा कोतवाली क्षेत्र के गनेशगंज मोहल्ला निवासी शैलेंद्र अग्रहरी पुत्र हिरनचंद्र अग्रहरी के मकान में कुछ लोगों द्वारा हजारों रुपये का सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच प्रभारी मनोज ठाकुर और कटरा कोतवाल श्रीकांत राय, उपनिरीक्षक रामस्वरुप वर्मा, सुरेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, भूपेंद्र राजनीश के साथ पहुंचे। मकान की घेराबंदी करते हुए अंदर घुसे तो छह लोग सट्टा लगाते हुए पकड़े गए। मौके से आठ हजार रुपया, नौ मोबाइल, एक टीवी जिसपर मैच देख कर सट्टा लगाया जा रहा था, सट्टा लगाने के लिए पन्ना जिस पर भाव लिखा गया था आदि बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी काफी दिनों से सट्टा लगा रहे थे। इनकी तलाश पुलिस को थी लेकिन सटीक सुराग नहीं मिलने के कारण बच जा रहे थे। बताया कि पकड़े गए आरोपियों में गणेशगंज के शैलेंद्र अग्रहरी, उसका भाई विवेक अग्रहरी, गोपाल गुप्ता, शरद गुप्ता, दिपांशु जायसवाल और भैंसहिया टोला के प्रेेम उर्फ परमेश्वर जायसवाल शामिल हैं।