अवैध संबंधों में गत दिनों वन विभाग के वाचर व महिला मजदूर की हत्या हुई थी। खुद महिला के बेटे ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर 13 सितंबर को हलिया के महिटरा जंगल में दावत के बहाने बुला कर फावड़े से हमला करते हुए दोनों की हत्या कर दी थी। जांच में दोनों के हत्याकांड में शामिल होने पर क्राइम ब्रांच व हलिया की पुलिस ने एक आरोपी लक्ष्मण कोल को हलिया क्षेत्र से बुधवार की शाम छह बजे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि मुख्य आरोपी मिथिलेश अभी फरार है। ये जानकारी पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने गुरुवार को पुलिस लाइन में दी।
हलिया थाना क्षेत्र के मटिहरा जंगल के पनियहवा नाले में वन विभाग के वाचर सुरेंद्र बहादुर (53) निवासी भटवारी व महिला मजदूर धिराजी उर्फ नन्हकी (48) निवासिनी मगरदहा की लाश 15 सितंबर को बरामद हुई थी। वाचर के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इस क्रम में सीओ लालगंज बृजेश तिवारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच, अदलहाट थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, हलिया थानाध्यक्ष विनोद दूबे तथा सर्विलांस प्रभारी रामस्वरूप वर्मा की चार टीमें गठित की गई थीं। इस बीच बुधवार की शाम सूचना मिली कि दोहरे हत्याकांड में शामिल एक आरोपी लक्ष्मण कोल निवासी पोखड़ौर हलिया में मौजूद है। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार लिया। पूछताछ में लक्ष्मण ने बताया कि वन विभाग के वाचर सुरेंद्र बहादुर सिंह व महिला मजदूर धिराजी के बीच काफी दिनों से अवैध संबंध था। जिसको लेकर महिला का पुत्र मिथिलेश काफी नाराज था। कई बार उसने अपनी मां को सुरेंद्र से बात करने से मना किया था। पर न मानने पर हत्या की योजना बनाई। जिसमें 13 सितंबर को मिथिलेश ने सुरेंद्र को मटिहरा जंगल में दावत दी। अपनी मां नन्हकी को मछली और शराब लेकर जंगल में चलने को कहा। जंगल में सुरेंद्र और नन्हकी ने शराब पी और एक पेड़ के नीचे सो गए। इसी बीच उसने व मिथिलेश ने मिल कर सुरेंद्र व नन्हकी की फावड़े से हत्या कर दी।