एसपी को ज्ञापन देने पहुंचे चर्च के सदस्य
मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिशन कंपाउंड में अवैध कब्जा करने का आरोप कुछ लोगों पर लगाया गया है। मिशन कंपाउंड चर्च के सदस्यों ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि स्थगन आदेश होने के बाद भी कुछ लोग जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। विरोध जताने पर वे अपहरण कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इनानुएल चर्च एवं मिशन कंपाउंड चर्च के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी को एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि मिशन कंपाउंड धार्मिक स्थल है। जिसमें मौजूद आवास में पादरी रहते हैं। जिसकी जमीन का विवाद कुछ लोगों से चलने के कारण मामला मिर्जापुर न्यायालय में चल रहा है, लेकिन एक पक्ष काफी मनबढ़ व आपराधिक प्रवृत्ति का है। जो अपने कुछ असलहे धारक साथियों के साथ मिलकर जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर प्लाटिंग करने का प्लान कर रहा है। पिछले कुछ दिनों से वह जमीन पर कब्जा कर रहा है। मामले की शिकायत कोतवाली में करने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य को नहीं रोकवाया गया है। लोगों ने एसपी से तत्काल निर्माण कार्य रोकने की मांग की। कहा कि न्यायालय का फैसला जिसके पक्ष में आएगा वह उसका मालिक होगा, लेकिन जब तक मामला न्यायालय में चल रहा है तब तक किसी को कब्जा करने नहीं दिया जाए। प्रार्थना पत्र देने वालों में पादरी सुरेश, अनीता, समेत अन्य लोग शामिल रहे।