मिर्जापुर। मनरेगा कार्यों में घोटाले से संबंधित कागजातों की जांच करने अचानक बुधवार को सीबीआई टीम जिला पंचायत कार्यालय पहुंची।सीबीआई के डिप्टी एसपी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने एमए विंध्याचल सिंह कुशवाहा से कई जानकारियां लिया। सीबीआई के जिला पंचायत में पहुंचने से हड़कंप मचा रहा।
सीबीआई की दो सदस्यीय टीम बुधवार को पहले डीसी मनरेगा से पूछताछ करने के लिए विकास भवन पहुंची, लेकिन विकास भवन में पता चला कि डीसी मनरेगा जिले के बाहर है, जिस पर टीम बैरंग लौटी। इसके बाद सीबीआई जिला पंचायत कार्यालय पहुंची। जिला पंचायत कार्यालय में सीबीआई ने एमए से क्षेत्र पंचायत के तहत वर्ष 2007 में हलिया में कराए गए कार्यों के बारे में पूछताछ किया। क्षेत्र पंचायत के कार्यों को कराने के लिए बैठक में पारित कार्यवृत्ति और रजिस्टर की मूल कागजातों की जांच किया। साथ ही कुछ मूल कागजातों को सीबीआई अपने साथ भी ले गई।