सड़क, सेतु व विभाग से संबंधित जो भी पुराने कार्य हो रहे हैं, उन्हें अधिकारी जनवरी 2023 तक पूरा कराएं। कार्य मानक के अनुरूप कराते हुए टाइमलाइन का विशेष ध्यान दें। ये हिदायत प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने बुधवार को अष्टभुजा डांक बंगले में विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान अब तक हुए कार्यों की समीक्षा के दौरान दी।
मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के बाद लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम व एनएच द्वारा कराए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। मेडिकल कॉलेज के बाद मार्ग चौड़ीकरण के बारे में जानकारी लेने के बाद उन्होंने कहा कि सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। चौड़ीकरण कार्य में जहां भी अतिक्रमण आड़े आ रहा हो, उसे हटाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मार्ग के चौड़ीकरण के लिए इस्टीमेट बनाकर भेजने के लिए भी कहा। भटौली बाईपास मार्ग का निर्माण नहीं होने तथा पुल पर बड़े वाहन जाने के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्हें बताया गया कि पुल की जांच बीएचयू के विशेषज्ञों से कराई गई है। उसके बाद कुछ कार्य किया गया है। इसके बाद बड़े वाहन जा सकते हैं, परंतु बाईपास मार्ग नहीं है। जितिन को जौसरा मार्ग पर सड़क चौड़ा नहीं होने पर छोटे वाहन जाने में समस्या के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि पूर्व में बाईपास के निर्माण के लिए सर्वे कर रिपोर्ट भी भेजी जा चुकी है। इस पर मंत्री ने बाईपास निर्माण के लिए सर्वे कर आकलन रिपोर्ट भेजने की हिदायत दी। कहा कि बाईपास का निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी कार्य हो रहे हैं, अधिकारी उन्हें तय समय में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को सभी पुराने कार्यों को जनवरी 2023 तक पूरा कराने की हिदायत दी। शिवपुर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का कार्य जून तक पूरा कराने का निर्देश भी दिया। बैठक में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम और एनएच के अधिकारी मौजूद रहे।