मिर्जापुर। पुलिस परिवार के बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन में वामा सारथी के तत्वावधान में खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत बैडमिंटन और 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विभिन्न आयु वर्ग के करीब 70 बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे जोश के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
बैडमिंटन के 12 वर्ष तक के वर्ग में प्रांजल यादव ने पहला, आदर्श प्रजापति ने दूसरा और अंश राज ने तीसरा स्थान हासिल किया। 12 वर्ष से अधिक बालक वर्ग में शिवांश मिश्रा प्रथम, अभि यादव द्वितीय और कृष्णा यादव तृतीय रहे। बालिका वर्ग में उमरा खान प्रथम, नैन्शी द्वितीय और रोशनी मिश्रा तृतीय रहीं।
100 मीटर दौड़ के 12 वर्ष से कम बालक वर्ग में उज्ज्वल प्रथम, अश्वनी द्वितीय और रुद्रांश सिंह तृतीय रहे। 18 वर्ष से कम बालक वर्ग में ईशान ने पहला, अमन शर्मा ने दूसरा और शिवांशु ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 11-13 वर्ष बालिका वर्ग में प्रतिज्ञा यादव प्रथम, उजमा खां द्वितीय और अलीना तृतीय रहीं। छह से नौ वर्ष बालिका वर्ग में श्रेयांशी प्रथम, देवांशी द्वितीय और श्रेष्ठ तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन मन मोहन ने पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया।