कछवां थाना क्षेत्र के पाहों बाजार स्थित एक मकान की गिरी बाउंड्री में दब कर रविवार की सुबह सात बजे एक बालक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाल बाल बचे तीसरे बालक के शोरगुल पर पहुंचे परिजनों ने मलबा हटा कर घायल बालक को बाहर निकाला और कछवां के क्रिश्चियन अस्पताल ले गए। घटना से नाराज परिजनों ने बालक के शव को कछवां-चुनारघाट मार्ग पर रख सड़क जाम कर दिया। दो घंटे तक आवागमन बाधित होने की जानकारी होने पर पहुंचे एसडीएम चुनार जैनेद्र सिंह व तहसीलदार चुनार प्रेम प्रकाश प्रियदर्शी ने तत्काल पंाच हजार रुपया दाह संस्कार के लिए दिया और चार लाख रुपया पोस्टमार्टम होने के बाद मुआवजा के रूप में दिलाने की बात कही तब लोग मान गए और जाम हटा लिया।
खैरा के मुसहर बस्ती निवासी सुरेंद्र का 10 वर्षीय पुत्र पुनवासी गांव के ही संदीप 10 वर्ष व अपने बुआ के यहां आए मनोज सात वर्ष पुत्र झुल्लन निवासी बीरनपुर कपसेठी बनारस के साथ रविवार की सुबह सात बजे पाहो बाजार के पास शौच करने गया था। तीनों एक साथ खेत में शौच करने गए। कुछ देर बाद पुनवासी व मनोज खेत से निकल फुलहा गांव निवासी रमेश यादव के मकान की बाउंड्री के पास आकर खड़े गए जबकि संदीप खेत में रुका रहा। दोनों बालक जैसे ही बाउंड्री के पास आकर खड़े हुए वैसे ही बाउंड्री भरभरा कर उनके ऊपर गिर पड़ी। जिसमें दब कर पुनवासी व मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। संदीप दूर रहने से बाल बाल बच गया।
संदीप के शोर मचाने पर पहुंचे परिजन आनन फानन में मलबा हटा कर पुनवासी व मनोज को क्रिश्चियन अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने पुनवासी को मृत घोषित कर दिया जबकि मनोज को भर्ती कर लिया है। उधर जाम समाप्त कराने के बाद एसडीएम क्रिश्चियन अस्पताल पहुूंचे और घायल मनोज का हाल जाना। कहा कि उसके इलाज कराने की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी। इस दौरान आदिवासियों ने एसडीएम को बताया कि उनके सारे आवास जर्जर है जो कभी भी गिर सकते हैं। इसलिए कोई व्यवस्था कराई जाए जिससे दुर्घटना को रोका जा सके। इसपर एसडीएम चुनार ने बीडीओ बागीश शुक्ला को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा।