मिर्जापुर। केंद्र सरकार की टीम शुक्रवार को जिले में स्वच्छता अभियान की हकीकत को परखेगी। इसके मद्देनजर जिला पंचायतराज विभाग तैयारियों में जुट गया है। डीपीआरओ अरविंद कुमार ने जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के कार्यों की बिंदुवार बुधवार को बिंदुवार समीक्षा की।
डीपीआरओ ने कहा कि गांवों में नियमित सफाई की जाए। ग्राम पंचायत के सभी मजरे, मोहल्ला में गहन सफाई अभियान, सार्वजनिक भवन, स्कूल, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, बैंक, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत सचिवालय सहित किसी भी स्थान पर कूड़ा का अंबार, गंदगी तथा जलभराव नहीं होना चाहिए। कहा सर्वेक्षण वाले ग्राम पंचायतों में टीम की ओर से डस्टबिन की स्थापना ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों पर महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, यूरीन घर व्यवस्था आदि का निरीक्षण किया जाएगा। ग्राम पंचायत में निर्मित शासकीय अनुदान एवं व्यक्तिगत धनराशि से व्यक्तिगत शौचालयों का भी निरीक्षण टीम करेगी। कम से कम बीस घरों का जिसमें पांच परिवार एससी और एसटी के एवं 15 परिवार सामान्य कैटेगरी के हो सकते हैं। पंचायत में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में कराए गए ग्राम पंचायतों की धनराशि से सोख्ता गड्ढा, कंपोस्ट डस्टबिन भी देखेंगे।