अदलहाट। थाना क्षेत्र के धोबही गांव में कुछ लोगों द्वारा एक मजदूर की पिटाई किए जाने के मामले में शुक्रवार की देर शाम थाने में नामजद तहरीर दी गई है। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जमालपुर थाना क्षेत्र के करजी गांव निवासी धर्मेंद्र सोनकर (33) पुत्र बल्ली सोनकर को अदलहाट के धोबही गांव निवासी दो लोग छह जुलाई की रात गांव के पास मारपीट कर सीवान में छोड़ दिए थे। उसी गांव का एक व्यक्ति रात में शौच के लिए सीवान में गया तो धर्मेंद्र को बेहोशी की हालत में देखा। उसे रात में ही घर पहुंचाया।
सात जुलाई को सुबह परिजन उसे लेकर जमालपुर थाने गए लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने सात जुलाई को वाराणसी के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने पैसे के अभाव में उसे छोड़ दिया। परिजन आठ जुलाई को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने जमालपुर थानाध्यक्ष को मुकदमा पंजीकृत करने का निर्देश दिया। परिजन घायल युवक को मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराकर थानाध्यक्ष से मिले। उन्होंने घटना अदलहाट थाना क्षेत्र का बताकर टाल दिया। दो थानों के बीच में फंसकर उसकी बूढ़ी मां विट्टन उसे लेकर यहां-वहां घूम रही है। शुक्रवार को अदलहाट थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।