अहरौरा। जमुई मार्ग पर शुक्रवार की रात बरातियों को लेकर इमलिया चट्टी जा रही कार सरसवावर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों में से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार घायलों को इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बैरमपुर गांव से शुक्रवार की रात इमलिया चट्टी बरात में शामिल होने के लिए कार सवार पंचायत सहायक आयुष राज (28) पुत्र अरविंद सिंह, अशोक सिंह (32) पुत्र जोखन, बब्बे (30) पुत्र डिप्पन, राहुल (26) पुत्र ओमप्रकाश तथा राजेश्वर सिंह (32) पुत्र चेतनारायण सभी निवासी बैरमपुर घर से निकले थे। रास्त में सरसवावर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क के किनारे स्थित बिजली के पोल में टकराकर पलट गई। हादसे के बाद शोर सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुड़ गई। ग्रामीणों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकलकर इलाज के लिए एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान पंचायत सहायक आयुष की मौत हो गई। दुर्घटना में घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस मामले की जानकारी होते ही बैरमपुर गांव में मातम छा गया। मौके पर पहुंचे परिजन बिलख-बिलख कर रोने लगे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि बैरमपुर गांव निवासी अमरनाथ के पुत्र की बरात इमलिया चट्टी जा रही थी। उसी बरात में शामिल होने के लिए जा रही कार बिजली के पोल से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक आयुष की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।