विंध्य क्षेत्र में शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियां अपने चरम पर है, लेकिन अभी भी मेला क्षेत्र की तैयारियां अधूरी है।
संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में जुटे हुए हैं। विंध्याचल मंदिर में रंगाई-पुताई का काम शनिवार को चलता रहा एवं मंदिरों सहित अन्य स्थानों पर विशेष निगहबानी के लिए सीसी कैमरा लगाने का कार्य चल रहा है। गंगा घाटों व गलियों में कार्य प्रगति पर है।
शनिवार को दोपहर 12 बजे से मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बनारस बस स्टैंड से बरतर तिराहा, बंगाली चौराहा, बावली चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, रोडवेज के सामने तक अतिक्रमण हटवाया गया।
थानाध्यक्ष सुनील दत्त दूबे और ईओ नगर पालिका संजय कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बुलडोजर से सड़क पटरियों से अस्थायी दूकानों सहित गोमती, ठेला, मड़ई, टीन शेड व चबूतरा को हटवाया गया।
अतिक्रमण अभियान में भारी पुलिस फोर्स के साथ ही कर अधीक्षक सुनील त्रिपाठी, सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ल आदि मौजूद रहे।
मेले की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को मां गंगा सेवा समिति के बैनर तले श्री विंध्य पंडा समाज के पूर्व अध्यक्ष राजन पाठक ने पांच सूत्री ज्ञापन विंध्याचल के एसओ को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग किया गया कि रामगयाघाट सहित विंध्याचल के अन्य गंगा घाटों पर प्रकाश, साफ-सफाई व अविलंब बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराई जाए।
मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में आने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे भक्तों को परेशानी न होने पाए।
मेले की तैयारियों के मद्देनजर कई गलियों में टाइल्स लगाने का काम चल रहा है, वहीं गंगा घाटों पर अस्थायी शौचालय, कपड़ा बदलने का स्थान व प्रकाश व्यवस्था का काम चल रहा है। मंदिर पर वायरिंग की जा रही है।