संतनगर। थाना क्षेत्र के पटेहरा कला गांव के पास लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग रविवार को शाम करीब चार बजे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार जीजा-साला समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलाें को उपचार के लिए पीएचसी पटेहरा पहुंचाया गया। वहां से तीनों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर में डाॅक्टर ने जीजा और साला को मृत घोषित कर दिया। घायल का इलाज चल रहा है।
हलिया थाना क्षेत्र के हथेड़ा गांव निवासी राजेश सोनकर की बहन अनीता की तीन दिन पहले शादी हुई थी। शादी के बाद अनीता अपने ससुराल घोरावल चली गई। रविवार को राजेश सोनकर (35) अपने साले पुदुल (33) निवासी बसही कोतवाली कटरा तथा भतीजे विनोद (28) निवासी बरी थाना हलिया के साथ घोरावल बहन की विदाई कराने गए थे। बहन की विदाई कराकर बाइक से तीनों घर लौट रहे थे। बहन अनीता कार से परिवार के बाकी सदस्यों के साथ लौट रही थी। रास्ते में संतनगर थाना क्षेत्र के पटेहरा कला गांव के पास लालगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए पटेहरा पीएचसी ले गई। जहां से तीनों को ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर पहुंचने पर डाॅक्टर ने राजेश सोनकर और उसके साले पुदुल को मृत घोषित कर दिया। घायल विनोद का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हुए थे। ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर में दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।