कटरा कोतवाली क्षेत्र के अनगढ़ रोड के पास सोमवार की देर शाम विपक्षियों ने बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर दिया। दोनों की पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। दोनों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां एक की हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उसका दोनों पैर टूट गया है। परिजनों का आरोप है कि पिटाई कर पैर में गोली मारी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मारपीट में पैर टूटा है। गोली नहीं चली है।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के बेलखरिया का पूरा निवासी मुकेश मिश्रा (23) पुत्र दिनेश मिश्रा अपने साथी विशाल के साथ बाइक से घर की ओर आ रहा था। रास्ते में विपक्षियों ने दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि अपने घर के पास ले जाकर विपक्षियों ने दोनों की पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट की सूचना पर मुकेश के परिजन पहुंचे तो मुकेश व उसका साथी लहूलुहान मिले। दोनों को आनन-फानन में उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर मुकेश को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मुकेश के भाई सर्वेश का आरोप है कि पांच माह पूर्व भी विपक्षियों ने उसके भाई की पिटाई की थी। जिसमें मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। आरोपितों को जिला बदर घोषित किया गया था। सोमवार को घर लौटते समय विपक्षियों ने भाई को अपने घर में ले जाकर पिटाई की और पैर में गोली भी मारी गई है। इस संबंध में कटरा कोतवाल नवीन तिवारी ने बताया कि एक युवक के साथ मारपीट की गई है। उसका पैर टूटा है। गोली नहीं चली है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है।