जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के कर्णावती नदी चतुरिया घाट पर शुक्रवार की दोपहर स्नान करते समय 10 वर्षीय बालक डूब गया। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस भी विंध्याचल से आठ गोताखोरों को बुलाकर बालक की तलाश करा रही है।
लालबहादुर का 10 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार शुक्रवार की दोपहर चाची के साथ खेत में गोड़ाई करने आ रहा था। चाची खेत में काम करने लगी तो सुनील गांव के लड़कों के साथ कर्णावती नदी चतुरिया घाट पर चला गया। स्नान करने के लिए नदी में कूद गया लेकिन डूब गया। अन्य बच्चों ने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन व ग्रामीण राम सूरत, अवधनारायण, सुभाष, रामकैलाश, विजयशंकर आदि ने नदी में कूद कर लगभग एक किमी तक खोज की, लेकिन वह नहीं मिला। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी गैपुरा अरविंद कुमार गुप्ता ने सूचना भेज कर विंध्याचल से आठ गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। बालक के नदी में डूबने से घर में कोहराम मच गया है। डूबे बालक की मां कुसुम देवी धाड़े मारकर रोती रही। सुनील कक्षा चार का छात्र थ। वह तीन भाई व दो बहनों में तीसरे नंबर पर है।