विंध्याचल। शारदीय नवरात्र मेले के तीसरे दिन शनिवार को एडीजी वाराणसी बृजभूषण शर्मा दर्शन करने के लिए मां विंध्यवासिनी दरबार पहुंचे। दर्शन पूजन करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
विंध्याचल पहुंचे एडीजी सभागार कक्ष में बैठकर पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। एडीजी ने मेला क्षेत्र में लगे सभी पुलिस कर्मियों को मां विंध्यवासिनी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ सद्व्यवहार करने व उनकी सुरक्षा का पूर्ण ख्याल रखने की बात कही। श्रद्धालुओं के साथ कोई दुर्घटना ना होने पाए, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में यातायात की व्यवस्था अच्छी रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को ध्यान रखने का निर्देश दिया। इसके बाद मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर विधि विधान से दर्शन पूजन किया। पुरानी वीआईपी, नई वीआईपी, कोतवाली गली, पक्का घाट व जयपुरिया के रास्तों का निरीक्षण करते हुए लाइन में लगे हुए श्रद्धालुओं को सही ढंग से दर्शन पूजन कराने का निर्देश दिया। पक्का घाट पर पहुंचे एडीजी ने गंगा में नाव संचालन को लेकर उचित दिशा निर्देश दिया बिना लाइफ जैकेट के नाव का संचालन ना हो इसका ध्यान पुलिसकर्मी दें। नाव पर क्षमता के अनुसार ही यात्री लेकर जाए। गंगा नदी में एनडीआरएफ व जल पुलिस पूरी तरीके से निगरानी रखें। इस दौरान डीआईजी आरके भारद्धाज, पुलिस अधीक्षक अजय कुुमार सिंह, एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा, सीओ सिटी प्रभात राय, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी आदि रहे।