अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। मड़िहान क्षेत्र के ददरा-चुनार मार्ग पर सरसो सेमरी गांव के पास बोलेरो की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि चील्ह थाना क्षेेत्र के औराई मार्ग पर स्थित शास्त्री सेतु के पास पुराने बाडा चौराहा पर ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। जबकि बाइक सवार दूसरा व्यक्ति घायल हो गया। हादसों की सूचना परिवारों को हुई तो कोहराम मच गया।
गढ़वा (पतेर) गांव निवासी गोपाल सिंह (55) सुबह बाइक से किसी काम से चुनार जा रहे थे। ददरा पुलिस चौकी से आगे सरसो सेमरी गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने आ रही बोलेरो गाड़ी ने धक्का मार दिया। बाइक सवार जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी मदद के लिए राहगीरों ने घटना की जानकारी पीआरवी को दी। जब तक लोग इलाज के लिए एंबुलेंस बुलाते उसके पहले ही बाइक सवार की मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दिया। हादसे में गोपाल सिंह की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र रोशन पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बोलेरो चालक पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने के चलते मौत का कारण बताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के बरौधा गांव निवासी रवि सोनी (45) पुत्र लक्ष्मीकान्त व दीपक (36) पुत्र मधुप दास निवासी भागलपुर बरई का पुरा,थाना रारागंज समस्तीपुर बिहार किसी आवश्यक कार्य से मिर्जापुर की तरफ से औराई की तरफ बाइक से जा रहे थे। बाइक सवार शास्त्री सेतु के पास पुरानेबाड़ा चौराहा पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिसमें दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे चील्ह थाना अध्यक्ष अजीत कुमार श्रीवास्तव ने 108 नंबर एम्बुलेंस ने घायल को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा। जहां पर डाक्टर ने रवि सोनी को मृतक घोषित कर दिया। चील्ह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत मामले में ट्रक चालक पर कार्रवाई की जाएगी।