ड्रमंडगंज। बेलन बरौधा चौकी क्षेत्र अंतर्गत रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नैड़ी गांव के सामने रविवार की रात 11 बजे सड़क पर अचानक आए एक पशु को बचाने के प्रयास में बाइक सवार लालगंज थाना क्षेत्र के महुअट गांव निवासी विक्रमा कोल (26)
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पंचनामा कराने के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बाइक से गिरकर दो युवक घायल : राजगढ़। राजगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के धनसिरिया गांव निवासी रविंद्र (18) व घूरे तिवारी (26) निवासी कोटवा मड़िहान एक ही बाइक से रविवार की देर रात अपने गांव धनसिरिया जा रहे थे। बाइक अनियंत्रित होने से गांव में ही सड़क पर गिर गए। इससे दोनों घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों घायलों को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय मिर्जापुर रेफर कर दिया गया।