सोनभद्र के घोरावल में हादसे में मृत मोहित सोनी की फाइल फोटो। स्रोत- परिवार
घोरावल (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के धुरकरी गांव में मिर्जापुर-घोरावल मार्ग पर बुधवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक पोस्ट मास्टर था। दोनों मिर्जापुर के दीपनगर से घोरावल आ रहे थे। राइस मिल के पास खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है।
घोरावल क्षेत्र के बेलवनिया गांव निवासी धनवंती प्रसाद उर्फ राकेश पांडेय (42) शाहगंज डाकघर की राजपुर शाखा के पोस्ट मास्टर (बीपीएम) थे। वह बुधवार को किसी काम से मिर्जापुर गए थे। रात में अपने परिचित मिर्जापुर के दीपनगर निवासी मोहित सोनी (25) के साथ घोरावल लौट रहे थे। धुरकरी गांव में राइस मिल के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक पीछे से उनकी बाइक टकरा गई। इससे बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दोनों को घोरावल सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर देर रात दोनों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को वाराणसी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बताते हैं कि पोस्ट मास्टर धनवंती प्रसाद क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।