आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव के तहत शनिवार को मिर्जापुर में करीब तीन सौ मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल लोगों की भारत माता की जय और वंदे मातरम की गूंज से शहर गुंजायमान रहा।
महुवरिया स्थित बीएलजे इंटर कॉलेज के मैदान से आरंभ हुई तिरंगा यात्रा में भारत माता की झांकी के साथ ही भारत माता के वीर सपूतों की भी झांकी निकाली गई। आत्म निर्भर भारत, गौरवशाली भारत, वैभव शाली भारत, महान भारत, भव्य भारत, दिव्य भारत के संकल्प के साथ यात्रा नगर के महुवरिया से निकली।
तहसील रोड, गिरधर का चौराहा, पेहटी का चौराहा, गुड़हट्टी चौराहा पहुंची यात्रा दो भाग में बंट गई । यात्रा में शामिल महिलाएं धुंधी कटरा, नवालक का तबेला, पसरहट्टा, त्रिमुहानी चौराहा होते हुए शहीद उद्यान नारघाट में पहुंची। वहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
जबकि गुड़हटी चौराहा से पुरुषों का दल मुकेरी बाजार, टटहाई रोड, डंकीनगंज चौराहा, पेहटी का चौराहा, पक्की सराय घंटाघर, खजांची का चौराहा, वासलीगंज, पक्की सराय, गिरधर का चौराहा होते हुए महुवरिया स्थित मैदान पहुंचा जहां पर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में करीब तीन सौ मीटर लम्बा तिरंगा झंडा लोगों में आकर्षण का केन्द्र रहा।