केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कोरोना के चलते बहुत दिनों के बाद उत्तर प्रदेश में आना हुआ। जब भी यूपी आते हूं ऐसा लगता है कि अपने घर में आया हूं। उत्तर प्रदेश का ही यश है कि 2014 में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। प्रदेश में 2017 में योगी सरकार बनी और केंद्र में 2019 में पूर्ण बहुमत के साथ मोदी सरकार बनी। पीएम मोदी जी जानते हैं कि यूपी की अपेक्षा क्या है, कैसे आगे बढ़ाना है। उन्होंने जन समूह की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप ही थे जो पूर्ण बहुमत दिए। आशा व्यक्त की कि 2022 में भी जनता जनार्दन का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला के मंदिर के लिये यहां की जनता ने प्रदर्शन किया- धरना दिया और गोलियां भी खाईं। आज उसी का परिणाम है कि भव्य राम मंदिर साकार हो रहा हैं। उन्होंने सूबे के सीएम योग आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि अपने जीवन में कई कुंभ देखे, लेकिन 2019 के कुंभ व्यवस्था और कहीं नहीं देखी।
कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अब योगी सरकार ने भव्य विश्वनाथ धाम के सपने को साकार किया है। कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को हमेशा उपेक्षित रखा गया। लेकिन योगी सरकार बनते ही अयोध्या में राम मंदिर, चित्रकूट, श्रृंगवेरपुर, नैमीशरायण, बृजधाम सहित के साथ ही विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास हो चुका है।
गृहमंत्री ने कहा कि मां विंध्यवासिनी मंदिर में चारो वेदों को वास है। इसलिये इसका महत्व और बढ़ जाता हैं। उन्होंने कहा कि भव्य एवं दिव्य कॉरिडोर बनने से भक्तों को 50 फीट चौड़ी सुविधाजनक यात्रा परिक्रमा पथ एवं प्रमुख 4 मार्गों के चौड़ीकरण से दर्शन में सुविधा होगी। अष्टभुजा एवं काली खोह पर रोप-वे के कारण आराम से दर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश व बुआ 15 साल का हिसाब दें। जितना काम उन्होंने किया होगा, उससे कहीं ज्यादा काम योगी सरकार के चार साल में हो गए। गृहमंत्री ने कहा कि मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र नक्सल मुक्त हो गए हैं। 1574 करोड़ की माफियाओं की संपत्ति जब्त हुई।
जनसभा को संबोधित करते गृह मंत्री अमित शाह।
- फोटो : अमर उजाला
गृहमंत्री ने कहा कि अगले दीपावली तक 80 करोड़ देशवासियों को प्रति व्यक्ति 05 किलो मुफ्त राशन दिया जाएगा। पूरे देश में लगभग 22 करोड़ कोरोना प्रभावित व्यक्तियों के लिए कुशल प्रबंध तैयार किया गया। कोरोना से अनाथ हुए बच्चों के लिए योगी सरकार एक पिता की भांति मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास पर अपनत्व का मरहम लगाया। उन्होंने बताया कि योगी सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश में एक लाख 80 हजार कोविड बेड बनवाए गए। 541 ऑक्सीजन प्लांट लगवाए जा रहे। इसमें 194 पूर्ण हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हेल्थ, विकास सेक्टर , मेक इन इंडिया आत्म निर्भर भारत, दंगा मुक्त भारत, भू माफिया मुक्त व्यवस्था पर बल देते हुए कहा कि आज मिर्जापुर, सोनभद्र एवं चंदौली नक्सलवाद से पूर्णतया मुक्त हो गए हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस -वे, गंगा एक्सप्रेस-वे में 14107 किलोमीटर नए मार्ग 519 छोटे बड़े पुल का निर्माण पूर्ण हो चुका है। काफी परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच अगस्त की तारीख भारत के इतिहास में दर्ज की जाएगी। पांच अगस्त को ही सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी। पांच अगस्त को ही पीएम अन्नोत्सव का आयोजन कर रहे हैं। इसमें एक करोड़ लोगों को नि:शुल्क अनाज दिया जाएगा। उत्तर-प्रदेश का माहौल अब सुरक्षित है। राज्य धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के रास्ते पर बढ़ रहा है।
सीएम ने कहा कि माता के धाम में गृहमंत्री का स्वागत है। पीएम व गृहमंत्री को माता विंध्यवासिनी इतनी ताकत दें कि सबका साथ, सबका विश्वास करें। कहा कि पांच अगस्त को सर्जिकल स्ट्राइक व अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के लिए जाना जाता है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए जाना जाता है। कहा कि जिन सरकारों ने आतंकवाद को थोपा, उसे भाजपा शासन में समाप्त किया गया।
कहा कि, नेतृत्व यशस्वी होता है तो दूसरों के लिए सोचता है। शासन-प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति से कार्य कर रहा है। पर्यटन की संभावना यूपी में है। कहा कि संगम में जो योजनाएं चलीं, उसमें किसी न किसी पर्यटन क्षेत्र के पुर्ननिर्माण का कार्य हो रहा है। काशी को नए कलेवर में ढाला गया, अयोध्या, चित्रकूट के साथ ही मां के धाम में दो काम हुए।
कालीखोह व अष्टभुजा में रोप-वे बना और विंध्य कॉरिडोर का शिलान्यास हुआ। उन्होंने कहा कि स्थानीय तौर पर लोगों को काम मिल सके, इसके लिए भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा के संकल्प पत्र के जितने भी बिंदु थे, प्रदेश सरकार ने सभी पर काम किया। प्रदेश के सभी 439 विधानसभा क्षेत्रों में आस्था के केंद्रों के पुनरोद्धार व उनके सुदृढ़ीकरण के लिए काम किया गया है।
गृहमंत्री अमित शाह ने पहली बार सावन में काशीपुराधिपति के दरबार में दर्शन करने पहुंचे। गृहमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से देश में सुख-शांति की कामना की और विधि-विधान से षोडशोपचार पूजन किया। गृहमंत्री ने निर्माणाधीन श्री काशी विश्वनाथ धाम के चल रहे कार्यों को भी देखा। रविवार को अमित शाह ने बतौर गृहमंत्री पहली बार सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए।
रविवार की 5:40 बजे गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन के बाद गृहमंत्री व मुख्यमंत्री 5:56 बजे निकले। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्य को देखने पहुंचे। काशी विश्वनाथ धाम का 16 मिनट तक मुआयना करने के बाद गृहमंत्री मंदिर क्षेत्र से 6:14 बजे निकल गए।