मिर्जापुर। भीषण ठंड की वजह से नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में 18 जनवरी तक अवकाश रहेगा। इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने आदेश जारी कर दिया।
एक आदेश में डीएम ने नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यालयों में अवकाश करने तो दूसरे आदेश में कक्षा छह से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद करने के लिए कहा है। हालांकि बुधवार को सुबह आदेश की जानकारी न होने की वजह से कई विद्यालय खुले रहे। विद्यार्थी भी पहुंचे लेकिन बाद में आदेश मिलने पर विद्यालयों को बंद किया गया।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए है। अध्यापक और कर्मचारी विद्यालय पहुंचकर अपना कामकाज निबटाएंगे। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि भीषण ठंड में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश कर दिया गया है। शिक्षक और कर्मचारी विद्यालय जाकर अपना काम करेंगे।