मड़िहान। क्षेत्र में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण बिजली संकट से लोग जूझ रहे हैं। शनिवार को 39 घंटे बाद बिजली आई लेकिन 10 मिनट के बाद फिर से आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में लोगों के इन्वर्टर, मोबाइल डिस्चार्ज हो गए हैं। पेयजल के लिए भी लोग तरस रहे हैं।
बारिश के दौरान बृहस्पतिवार की रात 12 बजे बिजली आपूर्ति ठप हुई थी। शुक्रवार को पूरे दिन और रात बिजली नहीं आई। शनिवार की दोपहर तीन बजे 10 मिनट के लिए बिजली आई और फिर से कट गई। इतनी भीषण बिजली कटौती से इंन्वर्टर व बैटरी ने भी साथ छोड़ दिया। शनिवार को दोपहर जब दस मिनट के लिए बिजली आई तो लोग उत्साहित हुए। जब तक लोग पंप हाउस चालू करने पहुंचते तब तक बिजली फिर से गुल हो गई।
मड़िहान में 13000 घरेलू उपभोक्ता परिवार पानी के लिए परेशान रहा। रिचार्ज के अभाव में मोबाइल खिलौना बन गया। जूनियर इंजीनियर जगजीवन राम ने बताया कि बारिश के कारण विद्युत पोल टूट गए थे। रोस्टिंग समाप्त होते ही बिजली की आपूर्ति कर दी जाएगी।