विंध्याचल। प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा कहा कि जनता की सुविधा के लिए विद्युत निगम का निजीकरण जरूरी है। प्रदेश की जनता हमारे फैसले के साथ है। शनिवार को मां विंध्यवासिनी के का दर्शन पूजन करने बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
दोपहर में विंध्याचल पहुंचे ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विधि विधान के साथ मां विंध्यवासिनी का पूजन किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन पर और परिवार पर है मां विंध्यवासिनी की असीम कृपा है। बाल्यकाल में अपने पिता के साथ मां के दर्शन के लिए आते थे। कहा कि जिस तरह विंध्यधाम का विकास हो रहा है, उसे देखकर प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी के साथ विंध्य धाम के विकास पर चर्चा की।
बिजली निगम के निजीकरण पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जितनी अच्छी बिजली व्यवस्था होनी चाहिए वह नहीं है। जनता को हमारे कर्मचारियों के व्यवहार, बिजली आपूर्ति, बिलिंग की व्यवस्था से संतोष नहीं है। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति हो, इसके लिए निजीकरण की बात सोची जा रही है। निजीकरण के निर्णय में जनता हमारे साथ है। आगे हमारी सरकार और मुख्यमंत्री का जैसा निर्णय होगा, उस अनुसार कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान भाजपा नेता रामकुमार विश्वकर्मा, नगर पालिका ईओ जी लाल, बिजली विभाग के एक्सईएन व जेई मौजूद रहे।