27 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद चूना दरी जल प्रपात के कुंड में डूबे युवक के शव को बुधवार की दोपहर वाराणसी के आदमपुर से आये गोताखारों की मदद से बाहर निकाला जा सका। बुधवार को रुक रुक कर हो रही बारिश के चलते कुंड की दह में फंसे युवक के शव को निकालने में गोताखारों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि वाराणसी के चिरईगांव निवासी दीपक उर्फ पांचू राजभर पुत्र मंगरू मंगलवार को अपने साथी सूरज मौर्या, राजकुमार, बेचनलाल, प्रकाश सिंह, राजेंद्र कुमार, रामभरोस, आदित्य कुमार के साथ अहरौरा क्षेत्र के चूना दरी जल प्रपात पर पिकनिक मनाने आया था।
पांचू सैंकड़ों फीट की ऊंचाई से गिरते हुए झरनों के नीचे बैठ कर स्नान करने लगा। वह जल प्रपात के चट्टानों पर उभरी काई पर खड़ा होकर दूसरे छोर पर जाने का प्रयास करने लगा। इसी बीच फिसल कर युवक जल प्रपात के गहरे कुंड में चला गया और डूबने लगा।
जिसको साथियों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हुए। अन्य साथियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने मंगलवार को चुनार से दो गोताखोरों को बुलवाया था लेकिन चुनार के गोताखोर पांचू के शव को खोजने में असफल रहे।
बुधवार की सुबह भी हताश चुनार के गोताखोरों को सफलता नहीं मिलता देख थानाध्यक्ष रमाकांत यादव ने वाराणसी के आदमपुर से छह सदस्यीय गोताखोरों की टीम को बुलवाया जो चूना दरी जल प्रपात के कुंड में ट्यूब व जाल के सहारे उतरे और घंटों कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार की दोपहर ढाई बजे कुंड से पांचू के शव को बाहर निकाला।
सैकड़ों फीट की ऊंचाई से गिर रहे पानी व रुक रुक कर हो रही बारिश के चलते गोताखोरों को शव खोजने में काफी परेशानी हुई।