मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में शुक्रवार रात घर में घुस कर धर्म परिवर्तन कर शादी न करने पर युवती पर ब्लेड से जानलेवा हमला किया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया पर अभी मुख्य आरोपी नहीं पकड़ा जा सका है। मामले के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले में शुक्रवार रात साढ़े नौ बजे युवक युवती के घर पहुंचा। उस दौरान युवती की मां घर पर थी। पिता बाहर सब्जी लेने गए थे। भाई बाहर काम से गया था। युवक ने युवती पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। युवती को मंडलीय अस्पताल से उपचार के बाद बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले में युवती के भाई की तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन को शहर कोतवाली क्षेत्र के रामबाग कुरैश नगर निवासी अब्दुल उर्फ सैफ काफी दिनों से परेशान कर रहा था। जान से मारने की धमकी देता था। धर्म परिवर्तित कर उससे शादी कर ले। बहन भयभीत रहती थी। इस कारण वह यह बात किसी से नहीं बताती थी। शुक्रवार रात युवक को पता चला कि घर बहन के अलावा कोई नहीं है। घर में आकर बहन को जबरन धर्म परिवर्तन करने की बात कही। धमकी दी कि जबरन लेकर जाऊंगा और धर्म परिवर्तित कराकर निकाह करुंगा। बहन के मना करने पर जान से मारने के नियत से धारदार हथियार से बहन के गले पर लगातार कई बार वार किया। चीख सुनकर मां और पिता पहुंचे। युवक भाग गया था। पुलिस आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ के खिलाफ हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हमला करना, धर्म परिवर्तन कराने की धमकी देने आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
.................................................
वर्जन
युवती को ब्लेड से घायल करने की सूचना पर पुलिस पहुंची। मंडलीय अस्पताल से इलाज कराकर उसे वाराणसी रेफर किया गया। हालत अब ठीक है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि पीड़िता और आरोपी एक वर्ष से परिचित है, पर मित्रता में कटुता आने के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। सात लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित कर दबिश दी जा रही हैं।
नितेश सिंह, एएसपी सिटी
.......................................................
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
युवती पर घर में घुसकर हमला करने के मामले में लाेगों ने आक्रोश जताया। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, राष्ट्रवादी मंच के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव के साथ विहित व बजरंग दल के लोगों ने पीड़िता के घर पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। नगर विधायक ने कहा कि मामले में पुलिस अधिकारियों से बात की गई है। पुलिस कार्रवाई कर रहे है। ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि दोबारा ऐसी घटना नहीं होगी।