मिर्जापुर। एक अच्छे लोकतंत्र के निर्माण में एक-एक वोट अमूल्य है। लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी बढ़चढ़ कर निष्पक्ष मतदान करें। उक्त बातें खंड विकास अधिकारी सिटी शुक्रवार को ब्लाॅक सभागार में आयोजित मतदाता जागरूकता गोष्ठी को संबोधित करते हुए कही।
खंड विकास अधिकारी शरद कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों को बढ़चढ़कर न सिर्फ मतदान करने की बात कही, बल्कि अन्य को निष्पक्ष मतदान कराने की अपील की। बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों को अपने संबंधित ग्राम पंचायत में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सचिव अपने-अपने ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता गोष्ठियां आयोजित कर ग्रामीणों को बढ़चढ़कर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान एडीओ पंचायत के के सिंह, एडीओ कोऑपरेटिव अवनीश यादव, एडीओ सांख्यिकी जयगणेश पांडेय सहित राजाराम निर्मल, दिनेश कुमार सरोज, श्यामधर तिवारी और अनिरुद्ध तिवारी आदि सचिव मौजूद रहे।