चुनार। कोतवाली चुनार के दरियापुर गांव से बीते 19 जनवरी को अलसुबह शौच के लिए निकली लापता विवाहिता की लाश चार दिन बाद गांव के दक्षिण स्थित कुएं में उतराई मिली। बुधवार की सुबह खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने लाश देखी जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीण घटना स्थल पर जुटने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची चुनार पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
घटना को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। ग्रामीणों का अनुमान है कि विवाहिता की हत्या कर लाश को कुएं में फेंक दी गई है। पुलिस का कहना है कि असलियत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगी। उधर महिला के मायके से आए भाई बबलू और राजू ने ससुरालियों पर विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए उसे गायब करने की शिकायत चुनार थाने में दे चुके हैं। पुलिस मृतका के पति संतोष पाल उसकी मां और बहन को थाने में बुला कर मामले की तफ्तीश कर रही है। पति की ओर से विवाहिता की गुमशुदगी थाने में दर्ज करा दी गई थी।
गौरतलब है कि कोतवाली चुनार क्षेत्र के दरियापुर निवासी हीरापाल के पुत्र संतोष पाल की शादी वाराणसी के शिवपुर थाना के दनियानपुर निवासी रामअधार पाल की पुत्री निर्मला देवी से वर्ष 2004 में हुई थी और गौना 2007 में हुआ था। संतोष को एक ढाई वर्ष का पुत्र भी है। 20 जनवरी को पुलिस को दी तहरीर में संतोष पाल ने लिखा था कि उसकी पत्नी सुबह शौच के लिए निकली और घर नहीं लौटी जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था।