अदलहाट। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के खजुरौल गांव के पास एक बस सड़क किनारे स्थित शीशम के पेड़ से रगड़ खा गई, जिससे खिड़की से झांक रही एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया जबकि साइड की खिड़कियां टूटने से करीब दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणाें ने घायलों को नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोनभद्र बस स्टैंड से एक प्राइवेट बस बुधवार को वाराणसी के लिए रवाना हुई। बस में कुल 70 यात्री सवार थे। बस खजुरौल गांव स्थित छत्रपति शिवाजी इंटर कालेज के सामने पहुंची तभी एक बाइक सवार अचानक बस के सामने अचानक आ गया जिसे बचाने के चक्कर में चालक ने स्टेयरिंग काट दी। तेज रफ्तार बस स्टेयरिंग काटते ही झोल खा गई और चालक का संतुलन बिगड़ गया तथा बस सड़क किनारे स्थित शीशम के पेड़ से रगड़ते हुए कुछ दूर तक चली गई। दुर्घटना के समय बस की खिड़की से झांक रही थी एक महिला संध्या 40 वर्ष पत्नी अमरेश पांडेय निवासी ओरगाई हिंदूवारी थाना राबर्टसगंज जिला सोनभद्र का सिर धड़ से अलग होकर करीब बीस मीटर दूर जा गिरा। यह देख बस में सवार यात्री चीखने लगे वही दाहिने साइड की सारी खिड़किया क्षतिग्रस्त हो गई जिससे लगभग दो दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए और घायलाें को बस से निकाल कर पास में स्थित चिकित्सालय में ले गए। थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव उपनिरीक्षक पीआर बैरागी भी मौके पर पहुंच गए और मृत महिला के सिर तथा धड़ को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलाें को इलाज के लिए पहुंचाया। दुर्घटना के बाद वहां जाम की स्थिति बन गई थी। घटना के बाद चालक भाग निकला।
मृतका संध्या पांडे 40 पत्नी अमरेश चंद्र पांडेय निवासी ओरगाई हिंदूवारी थाना रार्वटसगंज की है। वहीं घायलाें में मृतका की छोटी बहन आंचल पांडेय 35 पत्नी बबलू पांडेय निवासी हाजीपुर थाना अदलहाट इनकी पुत्री क्यूटी पांडेय तीन वर्ष, रूबीना बेगम 35 वर्ष पत्नी मकसूद आलम निवासी तकिया सुकृत सोनभद्र तथा उसकी रोशन आठ वर्ष सहित डेढ़ दर्जन लोगाें का नाम पता नहीं चल सका है जो कुछ लोग वाराणसी तथा सोनभद्र इलाज कराने चले गए। मृतका संध्या पांडेय अपनी छोटी बहन आंचल को लेकर वाराणसी स्थित लंका में तीसरी बहन के निजी नर्सिगिं होम को देखने जा रही थी। थानाध्यक्ष बस को टोचन कर थाने ले आए। बस का आगे का शीशा तथा साइड का शीशा पूरी तरीके से चकनाचूर हो गया।
ट्रक में पीछे से भिड़ी स्कार्पियो, दो घायल
मैंहर देवी का दर्शन कर लौट रहे थे स्कार्पियो सवार
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। मैहर से दर्शन कर लौट रहे स्कार्पियो सवार दर्शनाथियाें की गाड़ी करनपुर चौकी के पास बुधवार सुबह छह बजे ट्रक में पीछे से भिड़ गई। जिसमें दो दशनार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणाें ने घायलाें को गाड़ी से बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल में पहुंचाया।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिला स्थित सतना बलुआ गांव निवासी प्रवीण कुमार 34 वर्ष पुत्र सुरेंद्र कुमार सिंह अपने साथी प्रभाकर 32 वर्ष पुत्र मधुरी प्रसाद निवासी संबस्तीपुर बिहार को लेकर स्कार्पियो से दर्शन करने के लिए मंगलवार को मैहर आए थे। दोनाें मैहर माता का दर्शन करने के बाद मंगलवार की देर रात से वहां चले। स्कार्पियां सवार दर्शनार्थी जैसे ही देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर के पास पहुंचे तभी उनके आगे आगे चले रहे ट्रक ब्रेकर पड़ने के कारण धीमा हुआ और पीछे चल रही तेज रफ्तार स्कार्पियाें ट्रक में भिड़ गई। इससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणाें ने पुलिस को सूचित करते हुए दोनाें घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और उन्हें जिला अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।