विंध्याचल। विंध्यधाम में शनिवार को विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से चार घंटे तक मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा समेत कालीखोह मंदिर में दर्शन पूजन ठप रहा। इनर्वटर भी खराब होने के कारण दर्शनार्थी अंधेरे में खड़े रहने के लिए विवश रहे। किसी तरह दीपक जलाकर मां का दर्शन कराया गया। शाम चार बजे के बाद बिजली आने पर दर्शनार्थियों ने राहत की सांस ली।
शनिवार दोपहर 12 बजे विंध्याचल धाम की तीनों फीडरों की बिजली सप्लाई अचानक बाधित हो गई। इसके चलते विंध्याचल धाम, काली खोह एवं अष्टभुजा धाम फीडर की सप्लाई बंद हो गई। बिजली कटने से मां विंध्यवासिनी के मंदिर में अंधेरा पसर गया। इससे पूर्वांचल के कोने कोने से आए दर्शनार्थियों को मां का दर्शन पूजन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंदिर और गर्भगृह में अंधेरा छाने से लोग मां का झलक पाने के लिए परेशान रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि विंध्य विकास परिषद के खाते में करोड़ों रुपए जमा हैं फिर भी मां विंध्यवासिनी मंदिर की बिजली व्यवस्था सुचारू रूप धन से नहीं चल पा रही है जबकि जनेटर इनवर्टर सोलर लाइट आदि की व्यवस्था की गई है फिर भी परिषद की नाकामी के चलते पूर्वांचल के कोने कोने से आए हुए मां के भक्तों को बिजली के कारण पानी की सप्लाई एवं दर्शन पूजन करने में बाधा उत्पन्न हुई। विंध्याचल धाम एवं काली खोह अष्टभुजा मंदिर धाम कि बिजली सप्लाई ठप होने का कारण बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा नहीं बताया गया कि अचानक चार घंटे आपूर्ति ठप हो गई।
नटवा पावर हाउस में मरम्मत के कारण सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद थी। मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर आपूर्ति चालू कर दी गई। - अभय सिंह, अवर अभियंता विंध्याचल क्षेत्र