कछवां। नगर पंचायत के बीआरसी कार्यालय सभागार में विधायक का जनता दरबार सुबह दस बजे से दो बजे तक राकेश सिंह मझवां मंडल की अध्यक्षता में लगा। जिसमें विधायक ने जनता की समस्या सुन संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। सबसे ज्यादा मांग राशन कार्ड की उठी। आवासों के आवंटन में विकास खंड कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा वसूली की शिकायत भी की गई ।
जनता दरबार में उपस्थित चडिया व चकिया गांव के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शौचालय के अनुदान का पैसा लाभार्थियों को नही दिया गया और पैसा निकाल लिया गया। चकिया प्रधान ने आवास बनाने के नाम पर लाभार्थियों से 30 हजार रुपया मांगने का आरोप लगाया। वहीं नगर पंचायत के कोटेदार के ऊपर बीपीएल कार्ड काट देने व गल्ला न देने का आरोप नगर पंचायत के लाभार्थियों ने लगाया। बाडापुर गांव के कोटेदार द्वारा गल्ला वितरित न करने पर जिलापूर्ति अधिकारी ने दो हजार रुपये का जुर्माना लगा कर छोड़ा था पर कोई कार्यवाही न होने की शिकायत ग्रामीणों ने की। बरैनी गांव के रमेश सिंह अधिवक्ता ने भटौली पीपा पुल तत्काल दो सप्ताह के अंदर चालू कराने व बरैनी घाट तक रास्ता सही करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया जिसे विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने पीडब्ल्यूडी के जेई पन्नालाल से रास्ते को सही कराने के लिए कहा। विधायक ने सभी विभागों के अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता करते हुये एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करके सूचना देने के लिए कहा। बिजली विभाग के जेई व एसडीओ के ऊपर जनता ने आरोप लगाया की समस्याओं को नही सुनते है और फिटर पर नही रहते हैं। जिसपर विधायक ने तत्काल जेई व एसडीओ को फिटर पर रह कर जनता की समस्याओं को सुनने व निस्तारण करने के लिए कहा। इस मौके पर एसडीएम सदर अरविंद चौहान, नायब तहसीलदार संतोष कुमार,बीडीओ विजय नरायन दुबे, अधिशासी अधिकारी राजेंद्र दुबे,डा. सी बी पटेल, पवन मिश्रा, पृथ्वी तिवारी,,दीपक उपाध्याय, संतोष सिंह शेखर उपाध्याय, हर्षित सिंह आदि मौजूद रहे।