ड्रमंडगंज। स्थानीय वन क्षेत्र के सोनगढ़ा वन कंपार्टमेंट नंबर नौ में राजपुर, बरहवा टोला स्थित माता चौरा के पास बीती रात कुएं में गिरकर एक पांच वर्षीय हिंसक लकड़बग्घे की मौत हो गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने लकड़बग्घे का शव कुएं में उतराता देखा तो वन विभाग को सूचना दी। प्रभारी रेंजर अजय कुमार सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर लकड़बग्घे के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पशु चिकित्सालय हलिया में पोस्टमार्टम कराने के बाद वन विभाग ने डिघिया स्थित हलिया के नवीन रेंज परिसर में उप प्रभागीय वनाधिकारी पवन कुमार शुक्ल की मौजूदगी में लकड़बग्घे का अंतिम संस्कार करा दिया।
गुरुवार को ड्रमंडगंज रेंजर को सूचना मिली कि राजपुर गांव में कुएं में गिरकर एक तेंदुआ मर गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। कुएं में गिरकर तेंदुआ के मरने की सूचना पर आनन-फानन अपनी टीम के साथ मौके पर रवाना होते रेंजर ने इसकी सूचना एसडीओ सहित डीएफओ को भी दे दी। उधर, वन विभाग की टीम ने जब मौके पर जाकर देखा तो कुंए में गिरकर मरा हिंसक वन्यजीव लकड़बग्घा निकला। उसके बाद आसपास के ग्रामीणों व वन रक्षकों के सहयोग से तत्काल मृत लकड़बग्घे के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। रेंजर अजय कुमार सिंह ने बताया कि वन्यजीव की श्रेणी में आने वाला लकड़बग्घा हिंसक और शिकारी प्रकृति का जानवर है। लकड़बग्घा भेड़, बकरी व मानव के नवजात बच्चों को भी मौका मिलने पर मुंह में दबोचकर भाग जाता है।