मिर्जापुर। जिले भर में शुक्रवार को 24 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिला एवं ब्लाॅक स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की फरियाद सुनी गई।
जिले भर में आए 56 मामलों का अधिकारियों ने निस्तारण का दावा किया। सिटी विकास खंड के चेरुईराम व भरुहना में ग्राम विकास अधिकारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में ग्राम चौपाल लगी।
एडीओ आईएसबी इंद्रजीत कुमार कुमार सिंह ने फरियाद सुनी। इस दौरान आवास, शौचालय, पेंशन व राशन कार्ड से जुड़े मामले आए। एडीओ आईएसबी ने सभी मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। जिगना, छानबे क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिलगौर में सहायक विकास अधिकारी श्याम कुमार सिंह की देख रेख में चौपाल का आयोजन किया। चौपाल को लेकर प्रचार-प्रसार न किए जाने से नाममात्र में ग्रामीण पहुंचे।
गांव निवासी शैल कुमारी ने आवास, निष्प्रयोज्य शौचालय के मरम्मत की मांग उठाई। विनोद कुमार ने नाली, धनपत्ती ने वृद्धावस्था पेंशन, पिंटू ने खड़ंजे की मरम्मत की मांग की। चौपाल में प्रधान के मौजूद न होने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई।
सचिव संतकुमार ने शिकायतकर्ताओ की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान राज कुमार, पुष्पा देवी, उमाकांत मिश्र, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे। इसी तरह पहाड़ी, हलिया, लालगंज, जमालपुर, कोन, सीखड़, मझवां, नरायनपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।