पटेहरा। विकास खंड में 30 स्कूलों के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार को हटाने के लिए एक दर्जन विद्यालयों के लिए छह लाख, 39 हजार 390 रुपये का भुगतान बिजली निगम को कर दिया गया। चार माह बाद भी अभी तक एक भी विद्यालय के ऊपर से बिजली के तार नहीं हटाए गए।
आठ साल पहले कुहूंकि प्राथमिक विद्यालय में हाईटेंशन तार गिरने से 13 बच्चे झुलस गए थे। 3 वर्ष पहले पथरौर कंपोजिट विद्यालय में तार गिरने से एक रसोइया की मौत हो गई। इसी तरह तीन महीने पहले नेवढ़िया व पटेहरा कंपोजिट स्कूल के कैंपस में 11 हजार वोल्ट का तार गिर गया था, हालांकि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। तार से स्कूलों में हो रही घटनाओं को देखते हुए डीएम प्रियंका निरंजन ने जुलाई में बीडीओ पटेहरा को स्टीमेट बनाकर ग्राम पंचायत से भुगतान कराने का निर्देश दिया था। बीडीओ ने सचिवों के साथ बैठक कर अगस्त में 30 स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे तार को हटाने के लिए ग्राम पंचायत से विद्युत निगम को भुगतान कर दिया गया। पर अभी तक एक भी स्कूल कैंपस से तार नहीं हटाए गए। खंड विकास अधिकारी विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि बिजली निगम को तार हटाने के लिए भुगतान कर दिया है।
कोट
भुगतान के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
अवधेश कुमार,अवर अभियंता