फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच लाख से अधिक भक्तों ने मां के दरबार में लगाई हाजिरी

विज्ञापन
विज्ञापन
विंध्याचल। आदि शक्ति मां विंध्यवासिनी धाम में नवरात्र के पहले दिन शनिवार को आस्था वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। पहले दिन लगभग पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां का दर्शन- पूजन किया।
विज्ञापन

मां विंध्यवासिनी का विधिवत दर्शन पूजन करने के बाद श्रद्धालुओं ने काली खोह स्थित मां काली और अष्टभुजा पहाड़ पर विराजमान मां अष्टभुजा देवी के दरबार में शीश झुका कर सुख-समृद्धि की कामना की। गुड़हल का फूल, कमल पुष्प और गुलाब के फूलों से मां विंध्यवासिनी का किया गया दिव्य शृंगार एक अलौकिक छटा बिखेर रहा था। मंदिर परिसर में बज रहे घंटा घड़ियाल, नगाड़ा एवं माता के जयकारे से वातावरण देवीमय हो रहा था। शनिवार की भोर में मां विंध्यवासिनी के गर्भ गृह में हुई मंगला आरती के बाद दर्शन पूजन करने का दौर शुरू हो गया जो देर रात तक अनवरत चलता रहा। नवरात्र मेले के मद्देनजर शुक्रवार की रात से ही देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में आस्थावानों ने देवी धाम में डेरा डाल दिया था। श्रद्धालु गंगा स्नान करने के बाद नारियल, चुनरी, माला- फूल लेकर देवी धाम पहुंचे। घंटों कतार में खड़े रहने के बाद जब मंदिर पहुंचे तो श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी का तरह-तरह के पुष्प रत्न जड़ित आभूषणों से किया गया श्रृंगार का दर्शन पाकर निहाल हो उठे। जगत जननी मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करने के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर में विराजमान समस्त देवी देवताओं के मंदिरों में जाकर मत्था टेक कर अपने अपने सुख समृद्धि की कामना की। नवरात्र के पहले दिन विंध्याचल धाम पहुंची महिलाओं ने पुरोहित एवं धर्मशाला में रहकर कड़ाही चढ़ाकर हलवा पूडी बनाया और मां विंध्यवासिनी को चढ़ाया। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अष्टभुजा पहाड़ पर विराजमान मां काली और मां अष्टभुजा देवी व माँ तारा देवी के पावन धाम में जाकर विधिवत पूजन अर्चन किया। विंध्याचल मंदिर में मां का दर्शन पूजन करने के बाद भक्तों ने मंदिर के गुंबद और हवन कुंड का परिक्रमा किया। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन की तरफ से चाक चौबंद इंतजाम किए गए थे। श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी मंत्री भानू पाठक एवं समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यों ने भी दूर-दराज से आए दर्शनार्थियों की बड़ी तल्लीनता से सेवा की।

विंध्याचल। नवरात्र मेला के प्रथम दिन मंदिर परिसर के बाहर पुरानी वीआईपी, नई वीआईपी, जयपुरिया गली सहित अन्य गलियों में कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए स्काउट गाइड ने पानी पिलाया। साथ ही आने जाने वाले मार्गो पर यात्रियों को सुलभ स्थानों को प्रस्थान करने के लिए मार्ग का सही दिशा निर्देश देते दिखाई पड़े। घाट से लेकर रेलवे स्टेशन तक स्काउट व गाइड लगातार ड्यूटी देते रहे।
विज्ञापन

इनसेट
पुलिस अधीक्षक ने लगवाई कतारें
विंध्याचल। धाम में दर्शन के लिए कई कतारें लगी हुई थी जिससे दर्शनार्थियों को बड़ी परेशानी हो रही थी। सुबह जब पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पहुंचे तो वह इस स्थिति को देखकर हैरान हो गए। इस परेशानी को देखते हुए वह स्वयं ड्यूटी पर डट गए और अपने हाथों इधर- उधर वालों को बाहर कर एक लाइन लगवाई जिससे घंटों से लाइन में लगे दर्शनार्थी काफी प्रसन्न हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें