मिर्जापुर। जिले में बरसात शुरू होते ही ट्रांसफाॅर्मर फुंकने और क्षतिग्रस्त होने की समस्या बढ़ गई है। वर्तमान में हर दिन 35 से ज्यादा ट्रांसफाॅर्मर हर दिन जल रहे हैं या खराब हो रहे हैं। इन्हें बदलने में भी तीन दिन के बजाय एक सप्ताह से ज्यादा का समय लग रहा है। कहीं-कहीं तो 10-10 दिन बाद भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदले जा सके हैं।
जिले में 44,500 छोटे-बड़े ट्रांसफाॅर्मर हैं। इनमें 85 पांच एमवीए या उससे अधिक क्षमता वाले हैं, जो जिले के 54 उपकेंद्रों पर स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त 1000 से लेकर 400 केवीए क्षमता तक के ट्रांसफाॅर्मर नगर क्षेत्र में और 10 केवीए से लेकर 100 केवीए क्षमता तक के ट्रांसफाॅर्मर ग्रामीण क्षेत्रों में लगे हैं। बरसात से छोटे ट्रांसफाॅर्मर में समस्या अधिक होती है। जहां स्पॉर्किंग होती है या पानी पड़ता है, वहां ओवरहीटिंग से ट्रांसफाॅर्मर तत्काल फुंक जाते हैं।
वर्तमान में राजगढ़, अहरौरा, जमालपुर, छानबे आदि क्षेत्रों में प्रतिदिन कुछ न कुछ ट्रांसफाॅर्मर खराब हो रहे हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि बरसात ट्रांसफाॅर्मरों के लिए समस्या लेकर आता है। इसमें भी अगस्त से सितंबर तक का महीना अधिक संवेदनशील होता है।
इंसुलेटर से भी होती है समस्या
मिर्जापुर। जिन स्थानों पर पुराने प्रकार के इंसुलेटर लगे हैं, वहां यह समस्या अधिक है। पानी पड़ते ही उनमें स्पार्किंग होती है, जिससे ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। पॉलिमर से बने इंसुलेटर से यह समस्या नहीं होती, लेकिन जिले में अभी इस प्रकार के इंसुलेटर पूरी तरह नहीं लग सके हैं।
बिजली गिरने से सिविल लाइन का 400 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
जिले में शनिवार शाम से गरज-चमक के साथ हो रही बारिश के बीच सिविल लाइन ट्रांसफाॅर्मर पर बिजली गिर गई। इससे 400 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त हो गया, राजा विजयपुर कोठी और सिविल लाइन के 400 उपभोक्ताओं की बिजली बाधित हो गई है। अधिशासी अभियंता आरके यादव ने बताया कि बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर बदलकर जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक सप्ताह बाद भी नहीं बदले गए ट्रांसफार्मर
जिले के जमालपुर, अहरौरा, जिगना और चेतगंज आदि क्षेत्रों में एक सप्ताह से अधिक समय से खराब पड़े ट्रांसफाॅर्मर अब तक नहीं बदले जा सके हैं। इससे ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
जमालपुर : क्षेत्र के ग्राम पंचायत धारा में दो सप्ताह से ट्रांसफाॅर्मर फुंका हुआ है, जिसे अब तक नहीं बदला गया है। ग्रामीणों ने बताया कि 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया है। ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने और अवर अभियंता को सूचना देने के बाद भी नहीं बदला गया। गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने अवर अभियंता पर फोन नहीं उठाने का भी आरोप लगाया है।
अहरौरा: रविवार रात बिजली गिरने से ममनियां गांव में 100 केवीए और सरिया विंदान में 25 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर, जुड़ई गांव का 25 केवीए, बेलखरा गांव में 10 केवीए और मानिकपुर गांव में 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया। पूर्व में जले ट्रांसफाॅर्मर भी अभी तक नहीं बदले गए हैं। इससे बरसात के मौसम में लोगों को उमस और अंधेरे की परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिगना: छानबे क्षेत्र में बिजली गिरने से रविवार रात तिवारीपुर में 10 केवीए, बघेड़ाखुर्द में 10 केवीए, तेलियानी में 25 केवीए, भिलगौर में 100 केवीए, विजयपुर बोलीपुर में 25 केवीए, डेरवा में 25 केवीए, लेहड़िया में 25 केवीए, महाशक्ति इंटर कॉलेज में 63 केवीए और गोगांव सहित 12 से अधिक ट्रांसफाॅर्मर फुंके पड़े हैं।
हलिया: सोनगढ़ा गांव के भगतवा मजरे नियाजल के घर के पास लगा 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया है। साथ ही कुशियरा गांव में धनराज सिंह के खेत के पास लगा 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर एक पखवाड़े से अधिक समय से खराब है, जिसे अब तक नहीं बदला जा सका है।
वर्जन
इस समय प्रतिदिन 35 से ज्यादा ट्रांसफाॅर्मर फुंक रहे हैं, लेकिन निगम उतने की मरम्मत भी कर ले रहा है। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर भी रखे हुए हैं। कोई समस्या नहीं है।
एके सिंह, अधिशासी अभियंता